Pradyumn नाम का मतलब Son of God जरूर है लेकिन मैं भी एक आम इंसान की दुनिया में रहता हूं। मेरी लाइफ में आने वाले हर बन्दे को मैं कभी नहीं भूलता, उसको वह देने का प्रयास करता हूं जो वह मुझसे अपेक्षा करता है। हां, यदि वह मुझे भूल जाए या भूलने का नाटक करे और यह इंतजार करे कि मैं उसको याद करूंगा तो वह गलत है। मैं आपकी फीलिंग्स की कद्र करूंगा लेकिन आपको उन्हें व्यक्त करना होगा, चाहे अपनों के रूप में या अजनबी के रूप में। कुल मिलाकर मेरा सिद्धांत यह है कि मेरी लाइफ में चाहे अपना हो या अजनबी, अगर वह अपनी फीलिंग्स को व्यक्त करता है और मुझसे कोई अपेक्षा करता है तो मैं प्रयास करता हूं कि उसकी अपेक्षित चीज उसे दे सकूं।
हर किसी की जिन्दगी में ऐसा वक्त जरूर आता है जब हमारी लाइफ में कोई ऐसा बन्दा आए जो यह प्रकट करता हो कि वह एक अच्छे आचरण और अच्छे घराने वाला इंसान है। वह हमें बहुत पसंद करता है, हम ही उसकी दुनिया हैं और वह हमसे अपेक्षा करता हो कि हम पूर्ण अपनत्व के साथ उसके साथ पेश आएं। उस स्थिति में यह निर्णय लेना वास्तव में बहुत कठिन होता है कि वह इंसान सच्चा है या किसी मुखौटे को लगाए है।
यह स्थिति कठिन इसलिए मानी जाती है क्योंकि उस समय हमें अपनी सुरक्षा के साथ—साथ उस व्यक्ति की भावनाओं एवं विश्वास की भी कद्र करनी होती है। अगर आप केवल अपनी सुरक्षा के बारे में सोचकर उसके साथ अजनबी की तरह पेश आते रहे तो निश्चय ही उसका दिल टूट जाएगा। लेकिन अगर आपने आंख बन्द करके उस पर भरोसा कर लिया, और अगर वह मुखौटे के पीछे छिपा कोई बेकार, स्वार्थी और दुष्ट इंसान निकला तो निश्चय ही आपका दिल टूट जाएगा और आप भविष्य में किसी भी इंसान पर विश्वास नहीं करेंगे।
मुझे पता नहीं आपके साथ ऐसी परिस्थितियां बनें तो आप क्या करेंगे, लेकिन मेरी लाइफ में जब जब ऐसी परिस्थितियां आयी हैं तब तब मैंने हर बार अपनी सुरक्षा के बजाय केवल सामने वाले की फीलिंग्स को समझा है और उनका सम्मान किया है।

Hi
ReplyDelete